राज्यमंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी

मुरैना जिले में गणतंत्र दिवस की वर्षगांठ हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाई गई। आज यहां मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउण्ड पर भव्य एवं आकर्षक परेड के साथ आयोजित किया गया। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) एवं नर्मदाघाटी विकास राज्यमंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और भव्य परेड की सलामी ली। आपने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का गणतंत्र दिवस संदेश पढ़कर सुनाया। इस अवसर पर एस.ए.एफ., जिला पुलिस बल, महिला जिला पुलिस बल, होमगार्ड एवं वनरक्षक दल की टुकडियों ने मार्च पास्ट किया। मौके पर पूर्व मंत्री श्री गिर्राज डण्डोतिया, पूर्व महापौर श्री अशोक अर्गल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षा श्रीमती गीता हर्षाना, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री योगेशपाल गुप्ता, पूर्व विधायक श्री शिवमंगल सिंह तौमर, चंबल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार पाण्डेय, कलेक्टर श्री बी. कार्तिकेयन जिला पंचायत सदस्य, पंचायत पदाधिकारी, पार्षद, समस्त जिलाधिकारी, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
राज्यमंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने जैसे ही ध्वजारोहण किया तुरंत ही पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन बजाई। समारोह के प्रारंभ में पुलिस द्वारा हर्ष फायर किये गए तथा पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय धुन बजाई। मुख्य अतिथि ने इस अवसर पर शांति के प्रतीक गुब्बारे छोडे़। आपने एक खुली जीप में परेड टुकडियों का निरीक्षण किया व समारोह के लिए उपस्थित बालक बालिकाओं की हौसला अफजाई की एवं हर्ष फायर किये। परेड का संचालन मुख्य परेड कमान्डर डॉ. के.पी. सिंह तोमर, परेड की द्वितीय कमान श्री मलखान सिंह ने संभाली। एस.ए.एफ. 5वीं बटालियन टुकड़ी का संचालन उप निरीक्षक श्री गोपाल सिंह पिप्पल, जिला पुलिस बल के टुकड़ी श्री कपिल पाराशर, महिला जिला पुलिस बल की टुकड़ी का संचालन उप निरीक्षक सुश्री रूबि तोमर, होमगार्ड सैनिक टुकड़ी का संचालन उपनिरीक्षक श्री सौरव त्रिपाठी, वनरक्षक दल की टुकड़ी का संचालन उपनिरीक्षक श्री लच्छू तिरकी ने किया। राज्यमंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह व पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार पाण्डेय ने परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।
विभिन्न पुरूस्कारों में परेड़ के तहत एस.ए.एफ 5वीं बटालियन को प्रथम, जिला पुलिस बल को द्वितीय और महिला पुलिस बल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। तीनों परेड़ कमान्डरों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किये।
झांकियों की श्रृंखला में स्वास्थ्य विभाग की झांकी प्रथम स्थान पर, किसान कल्याण तथा कृषि विभाग की झांकी द्वितीय स्थान एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी तृतीय स्थान पर रही। इसके अलावा नगर पालिका निगम मुरैना, शिक्षा विभाग, वन विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, उद्यानिकी, उप संचालक सामजिक न्याय, जिला पंचायत, बेटनरी और लोक स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न योजनाओं पर झांकी निकालीं।