मुख्य समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने फहराया तिरंगा

जबलपुर | राष्ट्र का 72वाँ गणतंत्र दिवस जिले भर में हर्षोल्लास से धूमधाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस का जिले का मुख्य समारोह यहां राईट टाउन स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल क्रीडांगन में आयोजित किया गया। जहां मुख्य अतिथि प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
मंत्री श्री सिंह ने खुली सफेद जिप्सी में कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा के साथ परेड़ का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया। इस मौके पर सशस्त्र बलों ने हर्षफायर किये तथा छठवीं बटालियन के बैंड द्वारा राष्ट्र धुन बजाई गई। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने हर्ष और उत्साह के प्रतीक तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे मुक्त आकाश में छोड़े।
समारोह में सशस्त्र बलों की प्लाटूनों द्वारा शानदार मार्चपास्ट किया गया। मार्चपास्ट में एस.टी.एफ फोर्स, एस.ए.एफ. की छठवीं वाहिनी, जिला पुलिस बल पुरूष, होमगार्ड, जिला पुलिस बल महिला सशस्त्र प्लाटून शामिल थीं। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी ने किया। सेकेन्ड इन कमांडर सूबेदार पुलिस लाइन ललित धुर्वे थे। मुख्य अतिथि मंत्री श्री सिंह ने परेड की सलामी ली तथा मार्चपास्ट के बाद प्लाटून कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर कला पथक दल द्वारा मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया।
मुख्य समारोह में विधायक श्री अशोक रोहाणी, जिला पंचायत की प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल, संभागायुक्त बी. चन्द्रशेखर, आई.जी. पुलिस भगवत सिंह चौहान, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे। कार्यक्रम संचालन गिरीश मेराल और संदीपा स्थापक पचौरी ने किया।
गणतंत्र दिवस की 71वीं वर्षगांठ पर आयोजित जिले के मुख्य समारोह में राज्य शासन के दस विभागों द्वारा विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इसमें किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा आत्मनिर्भर भारत के तहत कोरोना संकट के दौरान किसानों की भूमिका- "आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का आत्म निर्भर किसान" थीम पर प्रस्तुत झांकी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। झांकियों में दूसरा स्थान पुलिस द्वारा प्रस्तुत महिला अपराध पर नियंत्रण एवं महिला सम्मान पर केन्द्रित झांकी को तथा संयुक्त रूप से तीसरा पुरस्कार स्वास्थ्य विभाग की कोरोना वायरस पर नियंत्रण तथा वन विभाग की हितग्राही मूलक योजनाओं एवं लघु वनोउपज के संग्रहण विषय पर प्रदर्शित झांकी को दिया गया। इसके अलावा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, केन्द्रीय जेल, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर निगम एवं जिला पंचायत द्वारा श्री आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गई।