गुजरात में भगवा , सभी छह नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा

गुजरात में हुए 6 नगर निगमों के चुनाव में भाजपा की शानदार विजय हुई है। अहमदाबाद, भावनगर, सूरत, बड़ोदरा, जामनगर और राजकोट में भाजपा ने सभी नगर निगमों पर एक बार फिर से कब्जा कर लिया है। सूरत में तो भाजपा लगातार 30 वर्षों से सत्ता में है। सूरत में कांग्रेस का सूपड़ा पूरी तरह से साफ हो गया है। यहां विपक्ष के रूप में आम आदमी पार्टी का उदय हुआ है। सूरत में आम आदमी पार्टी को 27 सीटें मिली हैं। इसी से गदगद अरविंद केजरीवाल ने ऐलान भी कर दिया है कि वह 26 फरवरी को सूरत में एक रोड शो भी करेंगे। अहमदाबाद में भी भाजपा की स्थिति बेहद ही मजबूत रही। हालांकि यहां असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी खाता जरूर खुल गया है।
मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के शहर राजकोट में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपराजय बढ़त बना ली है। इतना ही नहीं, यहां 2015 के मुकाबले भाजपा को ज्यादा सीटें आई हैं। कुल मिलाकर अगर कहे तो भाजपा को जामनगर, राजकोट, बड़ोदरा और भावनगर के साथ-साथ सूरत और अहमदाबाद में भी बहुमत मिल गई है। एक तरफ भाजपा की शानदार विजय हुई है लेकिन सबसे खराब स्थिति वहां पर कांग्रेस की हुई है। कांग्रेस को इस नगर निगम के चुनावों में करारा झटका लगा है। उसके डेटिंग डेस्टिनेशन वाले वादे ने भी उसकी डूबती नैया को पार नहीं लगाया। यही कारण है कि लगभग सभी नगर निगम में भाजपा की तुलना में कांग्रेस काफी पीछे रही। आम आदमी पार्टी ने सूरत के नतीजों को चौंकाने वाला बताया है। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि नई राजनीति की शुरुआत के लिए गुजरात के लोगों को दिल से बधाई। पार्टी प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि गुजरात के लोगों ने बहुत प्यार दिया है। गुजरात के रिजल्ट से कई राजनीतिक मायने सामने आएंगे।