विधायक और नगर पालिका उपाध्यक्ष के समर्थकों के बीच झड़प

छतरपुर l नौगांव के राजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में अखिल भारतीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान विवाद हो गया। विवाद बढ़ता देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और सख्ती से मामले में दखल देकर शांत कराया। इस विवाद के बीच क्षेत्रीय कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित को विवाद से बचाते हुए स्टेडियम के ऊपर पहुंचाया पर कार्यक्रम समापन के पहले और बीच में ही विधायक निकल लिए।गुटबाजी खुलकर सामने आई है, जिसमें नगर पालिका चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद का चुनाव हारे वर्तमान उपाध्यक्ष अजय दौलत तिवारी और क्षेत्रीय विधायक नीरज दीक्षित के समर्थकों में तीखी झड़प हुई। झड़प बढ़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और लाठियां भांजनी शुरू की। बीच-बचाव करते हुए पुलिस ने क्षेत्रीय विधायक को सुरक्षित निकालकर पवेलियन के ऊपर पहुंचाया। कार्यक्रम खत्म होने के पहले ही क्षेत्रीय विधायक निकल गए। नगर पालिका चुनाव के दौरान दौलत तिवारी की अध्यक्ष पद पर हुई हार के बाद दौलत ने क्षेत्रीय विधायक दीक्षित के खिलाफ पार्टी के साथ गद्दारी कर भाजपा को फायदा पहुंचाने के खुलेआम आरोप लगाए थे, जिसके बाद क्षेत्रीय विधायक दीक्षित ने सामने आकर अपना पक्ष रखा था। उसके बाद से ही दोनों नेताओं के बीच मनमुटाव चल रहा था।