रिज वेड प्लांटर पद्धति अपनाकर अग्रसर हुए कृषक श्री राजेंद्र सिंह

गंजबासौदा विकासखंड के ग्राम भसूडा के कृषक श्री राजेंद्र सिंह पंथी (मोबा. 9617617757) रिज वेड प्लांटर पद्धति से फसल की बुआई कर रहे हैं जिससे उनकी फसलों की उपज अच्छी हो रही है, खेती में लाभ भी हो रहा है और रिज वेज प्लांटर पद्धति से वह अन्य कृषकों को भी प्रेरित कर रहे हैं।
कृषक श्री राजेंद्र सिंह ने बताया कि पहले वे साधारण खेती करते थे। जिसमें खरीफ में सोयाबीन फसल की बुवाई साधारण पद्धति से करते थे जिसमें अधिक बीज, अधिक कीड़े, अधिक खरपतवार और उसको नियंत्रण करने में अधिक दवा का खर्च लगता था। इसके बाद भी अधिक बर्षा या कम वर्षा में सोयाबीन फसल खराब हो जाती थी। इससे फसल में अधिक नुकसान होता था बमुश्किल सोयाबीन की चार से पांच क्विंटल उपज प्रति एकड़ प्राप्त होती थी। जिससे उन्हें निरंतर घाटे की खेती हो रही थी।
इसके बाद कृषक श्री राजेंद्र सिंह पंथी आत्मा परियोजना के अधिकारी सूर्यभानसिंह थानेश्वर बीटीएम के संपर्क में आए। उन्होंने उनके गांव में प्रशिक्षण आयोजित कर कृषकों को सोयाबीन फसल की नवीन तकनीकी की जानकारी के साथ अन्य जानकारी प्रदाय की। खरीफ में सोयाबीन फसल का प्रदर्शन किया गया जिसकी बुवाई रिज वेड प्लांटर पद्धति से की गई। जिसमें बीज व उर्वरक की उचित मात्रा प्रयोग की गई। इसमें कीट व खरपतवार का प्रकोप नहीं हुआ, दवाओं का भी खर्च नहीं हुआ और सोयाबीन फसल रिज वेड प्लान्टर पद्धति से बुआई करने से अधिक वर्षा होने पर भी नुकसान नहीं हुआ साथ ही सोयाबीन फसल का उत्पादन सात से साढ़े सात क्विंटल प्रति एकड़ प्राप्त हुआ जिसमें कृषक को लाभ प्राप्त हो रहा है।