भोपाल । लोकसभा चुनाव की तैयारी राजनीतिक संगठनों ने संगठन स्तर पर शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद कांग्रेस में सर्जरी शुरू हो गई है। प्रदेश कार्यकारिणी को भंग करने के बाद नेतृत्व जिला अध्यक्षों को फिलहाल पूर्व के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिये हैं।
प्रदेश नेतृत्व के तेवरों को देखते हुए तय माना जा रहा है कि प्रदेश संगठन का कायाकल्प करने के बाद जिला स्तर पर बदलाव किया जाएगा। यह परिवर्तन कार्यकर्ताओं को हार के सदमे से उबारने के लिए अवश्यंभावी माना जा रहा है, ताकि नए जोश और उत्साह के साथ लोकसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ कार्यकर्ता मोर्चा संभाल सके।
पहली बार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने मध्य प्रदेश की कमान युवा हाथों में सौंपी है, क्योंकि प्रदेश में पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस सत्ता से दूर है। 2018 के विधानसभा चुनाव जैसे-तैसे कांग्रेस सरकार बनाने में कामयाब हुई थी, क्योंकि आपसी खींचतान के कारण सत्ता की डोर कांग्रेस के हाथ फिसल गई। 2023 के विधानसभा चुनाव में समीकरण व परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद भी कांग्रेस दो तिहाई बहुमत तक पहुंचना तो दूर 100 की संख्या को भी पार नहीं कर पाई। प्रदेश नेतृत्व में हुई परिवर्तन पर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों का मानना है कि यह फैसला काफी समय पहले होना चाहिए था। कांग्रेस को भाजपा से सीखना चाहिए कि किस तरीके से वह अपने नए चेहरों को सामने लाकर विपरीत परिस्थितियों को अनुकूल बना लेती है।
प्रदेश कार्यकारिणी भंग होने के बाद कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं में थोड़ी सी उम्मीद जागी है। यह परिवर्तन जिला व ब्लाकस्तर पर होने की आस लगा रहा है, क्योंकि जिलों में वही पुराने चेहरे हैं। उनकी न कोई नई सोच है, और न ही पार्टी को आगे बढ़ाने का कोई जज्बा है। कांग्रेस नेताओं का भी मानना है कि परिवर्तन से संगठन में नया जोश भरा जा सकता है और नई दिशा भी दी जा सकती है।
प्रदेश संगठन में परिवर्तन की दिशा में कांग्रेस ने एक कदम आगे बढ़ाया है और वरिष्ठ नेता भी यह मान रहे हैं कि अब युवाओं को आगे लाना चाहिए। इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि यह परिवर्तन जिला स्तर पर भी देखने को मिलेगा। मेरा मानना है कि हमें भाजपा की नकल नहीं करनी चाहिए। हम लोग प्रदेश विधानसभा चुनाव कैसे हारे, यह गहन शोध का विषय है। प्रदेश की मतदाताओं की भावनाएं हमारे साथ थी। बगैर किसी ठोस तथ्य के कुछ भी कहना उचित नहीं है। यह बात सही है कि इन परिस्थितियों में कांग्रेस को अपनी स्वयं की लाइन मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए बनानी होगी। -बालेंदु शुक्ला, पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता