कृषि विभाग की आत्मा परियोजना की समीक्षा बैठक संपन्न

रीवा l कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में कृषि विभाग की आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2024-25 के लिए प्राप्त वार्षिक लक्ष्यों के विकासखण्डवार निर्धारण को मंजूरी दी गई। बैठक में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने बताया कि गत वर्ष बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 35 किसानों को जिला स्तरीय एवं विकासखण्ड स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए। परियोजना के नवाचार के तहत कृषि विज्ञान केन्द्र के मार्गदर्शन में जिले के 9 विकासखण्डों में 450 किसानों को नैनो डीएपी का नि:शुल्क वितरण किया गया। फसल विविधीकरण के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। जिले में वर्ष 2022-23 में दलहन-तिलहन का क्षेत्रफल 58 हजार हेक्टेयर तथा मोटे अनाजों का क्षेत्रफल 8680 हेक्टेयर था। वर्ष 2023-24 में दलहन-तिलहन का क्षेत्रफल बढ़कर 80 हजार 80 हेक्टेयर तथा मोटे अनाजों का क्षेत्रफल बढ़कर 9690 हेक्टेयर हो गया। जिले के चुने हुए प्रत्येक विकासखण्ड के 20-20 किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र सीधी का भ्रमण कराकर कोदौ की खेती प्रशिक्षण दिया गया।
बैठक में उप संचालक ने आत्मा परियोजना के कार्यों तथा विकासखण्डवार निर्धारित प्रशिक्षण, कृषक भ्रमण तथा अन्य बिन्दुओं की जानकारी दी। बैठक में कृषि वैज्ञानिक डॉ संजय सिंह ने कहा कि जिले में अभी तक गहरी वर्षा न होने से किसान धान की रोपाई नहीं कर पा रहे हैं। हल्की वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है। किसान सीडड्रिल से से खेत में कतार से कतार में धान, मूंग, उड़द, मक्का आदि की बुवाई करें। साथ ही इनमें खरपतवार नाशक दवाओं का उपयोग अवश्य करें। कोदौ की रीवा में विकसित की गई जेके 137 किस्म का उपयोग करके अच्छा उत्पादन लिया जा सकता है। कृषि वैज्ञानिक डॉ आरपी जोशी ने कहा कि स्वीटकॉर्न की खेती बहुत लाभदायक है। यह केवल 60 से 70 दिनों की फसल है। पहली बारिश में इसकी बोनी के बाद दो माह में फसल मिल जाती है। एक पौधे में दो भुट्टे मिलते हैं। इसकी बाजार में बहुत अधिक माँग है। भुट्टे निकालने के बाद शेष पौधा पशुओं के लिए प्रोटीन का सबसे अच्छा स्त्रोत है। इसमें दालों से भी डेढ़ गुना अधिक प्रोटीन पाया जाता है। दुधारू पशुओं के लिए यह बहुत अधिक लाभदायक है। बैठक में सहायक संचालक उद्यानिकी योगेश पाठक ने उद्यानिकी फसलों, मसाले की खेती तथा सुंदरजा आम की खेती के संबंध में जानकारी दी। बैठक में गवर्निंग बोर्ड के सदस्यगण उपस्थित रहे।