मझौली में पाँच उर्वरक विक्रय केंद्रों का किया निरीक्षण

जबलपुर l किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम के निर्देश पर कृषि अधिकारियों ने आज शनिवार को विकासखंड मझौली में पांच निजी उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इन केंद्रों में मझौली स्थित शुभम कृषि केंद्र, शिवशक्ति कृषि केंद्र, साहू कृषि केंद्र एवं भट्ट एग्रो ट्रेडर्स तथा शंकर खाद बीज भंडार रानीताल शामिल हैं। सभी विक्रय केंद्रों में पीओएस मशीन से उर्वरक का मिलान किया गया। स्टाक रजिस्टर, मूल्य सूची और केश मेमो शासन के नियमानुसार पाये गये। निरीक्षण के दौरान उर्वरक के छह और कीटनाशक के चार नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु लिये गये। निरीक्षण के मौके पर कृषि अधिकारियों ने कृषकों से कृषि आदान सामग्री प्राप्त कर दुकान से बिल आवश्यक रूप से लेने का अनुरोध भी किया।