किसानों को जैविक और मिलेट्स खेती की ओर प्रोत्साहित करें

सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा ने कहा कि किसान उत्पादक संगठन अपनी संस्थाओं से अधिक से अधिक किसानों को जोडे और उन्हें जैविक खेती तथा मोटे अनाज की खेती की ओर प्रोत्साहित करे। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न किसान उत्पादक संगठनों की बैठक में कलेक्टर ने एफपीओ के प्रतिनिधियों से संगठन की कार्य प्रणाली और अनुभव भी साझा किये। इस मौके पर सीईओ जनपद, उप संचालक कृषि मनोज कश्यप, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. प्रमोद शर्मा, परियोजना संचालक राजेश तिवारी, एलडीएम गौतम शर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र के एमएस नेगी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा किसान उत्पादक संगठनों के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों और मार्गदर्शन में सुविधा मिले और उन्हें कृषि आदान सुविधापूर्वक समय पर मिले। तभी एफपीओ के गठन का उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि एफपीओ खुद के बेयरहाउस बनाने अथवा किराये पर लेने के संबंध में भी विचार करें। ताकि किसानों के उत्पाद को सही समय पर बाजार ले जाने पर उन्हें अधिक और उचित उपज का मूल्य मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि एफपीओ का गठन और रजिस्ट्रेशन कम्पनी के रूप में किया गया है। अतः सभी एफपीओ कम्पनी एक्ट के प्रावधानों का अवश्य पालन करें। कलेक्टर ने सभी विकासखण्डों के एफपीओ प्रतिनिधियों से अब तक की गई गतिविधियां और बिजनेस के बारे में चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एफपीओ किसानों की न्यूनतम संख्या के अनुसार नहीं बल्कि ज्यादा से ज्यादा किसानों को एफपीओ से जोडे। तभी संगठन के गठन का उद्देश्य सार्थक होगा।