छिंदवाड़ा l मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना प्रदेश के किसानों के लिए आर्थिक मजबूती का बड़ा आधार बन रही है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति वर्ष 6,000 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाती है। इन कृषकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 6000 रूपये प्रति वर्ष की सहायता पूर्व से ही मिल रही हैं।  10 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 की तृतीय किस्त और कुल 11वीं किस्त का सिंगल क्लिक के माध्यम से भुगतान किया गया। छिंदवाड़ा जिले के 2,05,956 किसानों के आधार लिंक खातों में 2,000 रुपये प्रति किसान की राशि, कुल 41.19 करोड़ रुपये हस्तांतरित की गई।
        इस योजना से जिले के हजारों किसानों को लाभ मिला है। जिले के किसान श्री कमल धुर्वे इसका एक उदाहरण हैं। पहले आर्थिक परेशानियों के चलते उन्हें खेती के काम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया जिसके बाद पहली किस्त के 2,000 रुपये उनके खाते में आ गए। श्री कमल धुर्वे  कहते हैं कि यह आर्थिक सहायता छोटे किसानों के लिए बड़ा सहारा है। अब वे बिना चिंता के कृषि कार्यों में लग सकते हैं और आदानों की व्यवस्था सुगमता से कर पा रहे हैं।
       किसान श्री कमल धुर्वे के अलावा ग्राम गांगीवाड़ा के श्री दिनेश परतेती, ग्राम चारगांव के श्री सेवकराम चौरिया, ग्राम भानादेही के श्री लालसिंह अहके, ग्राम मानेगांव के श्री संदीप सूर्यवंशी, श्री पंकज करपे और श्री राजेश कुमार करपे जैसे किसान भी इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। इन किसानों का कहना है कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना ने उन्हें आर्थिक संबल दिया है जिससे वे खेती में नए प्रयोग कर रहे हैं और अपनी आय में सुधार कर रहे हैं।
      यह योजना न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही है, बल्कि उन्हें खेती के लिए प्रोत्साहित कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। प्रदेश के लाखों किसानों की उम्मीदों को पंख देने वाली यह पहल आने वाले समय में कृषि क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक बदलाव लाने का जरिया बन रही है।