प्रियंका गांधी के बाद अब बांसुरी स्वराज के बैग पर क्यों टिक गई नजर

नई दिल्ली l भाजपा की सांसद बांसुरी स्वराज सोमवार को 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पहल पर संयुक्त संसदीय समिति की बैठक में भाग लेने के लिए संसद भवन पहुंचीं। इस दौरान सभी की नजर भाजपा सांसद के बैग पर टिक गई। बांसुरी स्वराज ने जो बैग लिया था उस पर पर बड़े अक्षरों में लिखा था "नेशनल हेराल्ड की लूट।" बैग पर लिखा संदेश अनदेखा नहीं किया जा सकता था और ऐसा लग रहा था कि यह एक राजनीतिक संदेश है, जिसने नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी पर भाजपा के लंबे समय से चले आ रहे हमले को एक बार फिर से हवा दे दी है। पिछले साल दिसंबर में कांग्रेस की सांसद प्रियंका गांधी का बैग भी चर्चा में रहा था। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान प्रियंका गांधी फिलीस्तीन के समर्थन से जुड़े स्लोगन वाला बैग लेकर संसद परिसर में पहुंची थीं।