महिलाओं को कृषि उद्यमी बनाने दिया जा रहा 13 दिवसीय प्रशिक्षण

कटनी – राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कटनी द्वारा विकासखंड विजयराघवगढ़ के ग्राम पंचायत कलहरा के मोहन टोला में 33 स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 13 दिवसीय कृषि उद्यमी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण संस्था के प्रबंधक पवन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में एवं प्रशिक्षण समन्वयक सुनील रजक के सहयोग से जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे द्वारा दिया जा रहा है।प्रशिक्षण के अंतर्गत कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए कम लागत तकनीकी, जीरो बजट फार्मिंग जैविक खेती के विषय में बताया जा रहा है। विभिन्न जैविक खादों एवं कीटनाशकों की जानकारी, गोबर तथा गौमूत्र का जैविक खेती में उपयोग, फसलों के लिए आवश्यक 17 प्रकार के पोषक तत्व तथा उनका वर्गीकरण, देसी गाय के मूत्र में पाये जाने वाले 33 प्रकार के तत्व आदि की जानकारी भी दी जा रही है। साथ ही गोमूत्र से बीज उपचार, जैविक कीटनाशक शीघ्र खाद बनाने तथा फसलों में उपयोग की जानकारी, काटने वाले, कुतरने वाले, रस सूचक एवं फल छेदक कीटों से होने वाले नुकसान तथा उनके जैविक नियंत्रण की जानकारी भी दी जा रही है।इस प्रशिक्षण में गेंदाबाई यादव, सीमा मिश्रा, रोशनी यादव, अंजना यादव, लक्ष्मी बर्मन तथा संतोषी यादव तथा अन्य स्व-सहायता समूह की महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।