संत शिरोमणि रविदास जयंती पर गुलाबगंज में समारोह, मंत्री दिलीप अहिरवार ने शिक्षा व नशामुक्ति पर दिया जोर
विदिशा l वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार आज संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती के अवसर पर विदिशा जिले के गुलाबगंज में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी रही और श्रद्धा व उत्साह के साथ जयंती मनाई गई। मंत्री श्री अहिरवार ने अपने उद्बोधन में संत रविदास जी के जीवन, विचारों और समाज सुधार के संदेशों को स्मरण किया। उन्होंने एक प्रेरक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि एक गांव में पानी की समस्या होने पर राजा ने संतों को बुलाया। संतों के मार्गदर्शन पर पत्थर हटाते ही जलधारा फूट पड़ी। इस कथा के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि सही दिशा और सामूहिक प्रयास से बड़ी समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती पर जालंधर में आयोजित कार्यक्रम में भी उन्हें सम्मान दिया गया और महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गईं। मंत्री ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मंत्री ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार पहुंचाने का कार्य किया। आजादी के बाद उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया, जो उनके महान योगदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सम्मान और आत्मगौरव के लिए शिक्षा सबसे बड़ा माध्यम है, इसलिए कोचिंग एवं मार्गदर्शन के जरिए बच्चों, विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा पर जोर दिया जाना चाहिए। नशामुक्त समाज के निर्माण की आवश्यकता पर बल देते हुए मंत्री श्री अहिरवार ने कहा कि सरकार इस दिशा में विशेष पहल कर रही है, लेकिन समाज के सहयोग के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने बालिकाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनहित कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को मंत्री द्वारा मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रानी अहिरवार, श्रीमती सीमा अहिरवार, श्री राकेश कटारे, श्री मनोज कटारे, श्री बारे लाल अहिरवार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में समाजजन, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।


