जनजाति अंचल में पहली बार बड़वानी में होगी कृषि कैबिनेट- कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना
भोपाल l कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा किसान कल्याण वर्ष में किसानों को मिलेंगी बड़ी सौगातें अंचल में पहली बार कृषि कैबिनेट की ऐतिहासिक बैठक 2 मार्च को बड़वानी में आयोजित होने जा रही है। यह बैठक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मनाए जा रहे “किसान कल्याण वर्ष” के अंतर्गत हो रही है, जिसमें किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।
कृषि मंत्री कंषाना ने जानकारी देते हुए बताया कि जनजातीय क्षेत्र में कृषि कैबिनेट का आयोजन प्रदेश सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। श्री कंषाना ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना तथा सिंचाई, बीज, खाद एवं विपणन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाना है।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने बताया कि “किसान कल्याण वर्ष” के तहत प्रदेश के किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। बड़वानी में आयोजित होने वाली इस कैबिनेट बैठक में विशेष रूप से जनजातीय किसानों की समस्याओं, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण और कृषि अधोसंरचना विकास पर चर्चा की जाएगी।
श्री कंषाना ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए संकल्पित है और यह बैठक प्रदेश के कृषि विकास में मील का पत्थर साबित होगी। जनजातीय अंचल में इस प्रकार की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करना इस क्षेत्र के किसानों के लिए गर्व का अवसर है।


