पश्चिम बंगाल के आसनसोल के रेलपार क्षेत्र में शुक्रवार रात उस समय तनाव फैल गया, जब धार्मिक स्थलों पर लगे तेज आवाज वाले लाउडस्पीकरों को लेकर पुलिस की जागरूकता मुहिम के दौरान हिंसा भड़क उठी। कसाई मोहल्ला और जहांगीरी मोहल्ला इलाके में स्थित पुलिस चौकी पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया, जिसके बाद इलाके में पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और अफरातफरी का माहौल बन गया।पुलिसकर्मी स्थानीय मस्जिद पहुंचे थे और वहां नमाज के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज मस्जिद परिसर तक सीमित रखने का अनुरोध कर रहे थे।

पुलिस और मस्जिद कमेटी के बीच बातचीत शांतिपूर्ण ढंग से चल रही थी, लेकिन इसी दौरान यह अफवाह फैल गई कि पुलिस नमाज रोकने की कोशिश कर रही है। अफवाह फैलते ही माहौल अचानक बिगड़ गया और बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी के पास जमा हो गए। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर ईंट और पत्थरों से हमला शुरू कर दिया।

उपद्रवियों ने पुलिस चौकी में जमकर तोड़फोड़ की और वहां खड़े पुलिस वाहनों, मोटरसाइकिलों तथा आम लोगों के निजी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया हालात बिगड़ते देख पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े।