जबलपुर शहर में अवैध और बिना मान्यता के संचालित हो रहे स्कूलों के खिलाफ नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया ने मोर्चा खोल दिया है। एनएसयूआई के नेता अनुराग शुक्ला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आज जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूरे जिले में लगभग 600 से 650 स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिनमें से केवल 147 स्कूलों के पास ही वैध मान्यता है। शेष करीब 450 स्कूल बिना किसी आवश्यक मान्यता के अवैध रूप से धड़ल्ले से चलाए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर शिक्षा व्यवस्था और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।