आधी रात में मचाया आतंक जमकर हुई पत्थरबाजी
धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के राऊ-खलघाट फोर लाइन पर शनिवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा वाहनों पर पत्थरबाजी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में कई बसों और एक कार के कांच टूट गए, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी गोकुल पिता महेश चौधरी (28) निवासी ग्राम धामंदा, थाना बरोठा जिला देवास, जो कि ड्राइवर का कार्य करता है, ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि दिनांक 23 मई 2026 को वह स्लीपर बस क्रमांक MP13P6077 से सवारियां लेकर इंदौर से झालना (महाराष्ट्र) जा रहा था। रात करीब 11:55 बजे जैसे ही बस पलास होटल के पास पहुंची, तभी कुछ अज्ञात युवकों ने बस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस हमले में बस का सामने का कांच टूट गया।


