बड़वानी l प्रदेश कांग्रेस महासचिव और पूर्व विधायक ग्यारसीलाल रावत के वाहन पर देर रात हुए पथराव से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना वरला थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि परिजनों ने उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। रावत के बेटे ने आशंका जताई है कि पापा के वाहन पर गन शॉट से हमला किया गया है। उन्होंने फॉरेंसिक जांच की मांग की है। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात ग्यारसीलाल रावत अपने चालक के साथ सेंधवा से गृह ग्राम हिंगवा लौट रहे थे। इसी दौरान मोहनपड़ावा गांव के समीप वन विभाग की नर्सरी के पास अचानक उनके वाहन पर पथराव किया गया।