कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने 31 मई को मन की बात कार्यक्रम सुनने का किया आग्रह
भोपाल l मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने प्रदेश के किसान भाई-बहनों से आगामी 31 मई को प्रसारित होने वाले मन की बात को सुनने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के अन्नदाता किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे।
कृषि मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन किसानों को कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस प्रेरणादायी कार्यक्रम को अवश्य सुनें और कृषि विकास से जुड़े उपयोगी सुझावों एवं विचारों का लाभ प्राप्त करें।
श्री कंषाना ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में वर्ष 2026 को “कृषि कल्याण वर्ष” के रूप में मना रही है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
श्री कंषाना ने कहा कि मध्य प्रदेश के किसान अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहे हैं। किसानों की अथक मेहनत ही देश की समृद्धि और खुशहाली का आधार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन प्रदेश के किसानों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।


