इंदौर-इच्छापुर NH पर सिमरोल के समीप भेरूघाट स्थित बाबा ढाबा क्षेत्र में आज नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना की विशाल पाइपलाइन अचानक फूट गई।  सैकड़ों फीट ऊंचाई तक पानी का तेज फव्वारा उठने लगा। घटना से अफरातफरी मच गई। घटनास्थल के ठीक पास हाईटेंशन विद्युत लाइन का टावर होने से लोगों में करंट फैलने का भय भी बना रहा। स्थानीय लोगों ने सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया। इसके चलते इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर कई घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही।गर्मी के मौसम में जलापूर्ति बनाए रखने के लिए पाइपलाइन में लगातार उच्च दबाव से पानी छोड़ा जा रहा था। इसी दौरान भेरूघाट के पास पाइपलाइन का एक हिस्सा अचानक फट गया। दबाव इतना अधिक था कि पानी की तेज धार आसमान की ओर उठती दिखाई दी और आसपास के क्षेत्र में फैल गई। सूत्रों के अनुसार पाइपलाइन फटने से निकला पानी तेज बहाव के साथ आसपास के कुछ मकानों तक पहुंच गया। कई घरों में पानी घुसने से टीवी, फ्रिज सहित अन्य घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।