सतना में एक बार फिर बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। कोलगवां थाना क्षेत्र के घूरडांग में पुरानी रंजिश को लेकर जिला बदर आरोपी और उसके साथियों ने एक घर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि बदमाशों ने पथराव किया, घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और पिस्टल से फायरिंग भी कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक हर्ष प्रताप सिंह सोमवंशी अपने दोस्तों पंकज तिवारी और यशराज त्रिपाठी के साथ घर पर मौजूद थे। तभी बाहर से बुलाने की आवाज आई। जैसे ही तीनों बाहर निकले, उन पर पथराव शुरू हो गया। जान बचाने के लिए सभी घर के अंदर भागे।
आरोप है कि जिला बदर बदमाश अमित सोनी, अमर सिंह चौहान और उनके साथी घर के बाहर खड़ी बाइक और स्कूटी में जमकर तोड़फोड़ करने लगे। विरोध करने पर अमित सोनी ने पिस्टल निकालकर दो राउंड फायर कर दिए। गोली घर के गेट के एंगल से टकराई। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।