भाजपा ने प्रभु श्रीराम की परंपरा को आगे बढा़ते हुए महेश केवट को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों व वरिष्ठ नेतृत्व के साथ सोमवार को मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी श्री महेश केवट का नामांकन दाखिल कराया। इससे पहले राज्यसभा प्रत्याशी श्री महेश केवट ने प्रदेश कार्यालय स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन कर पार्टी के पितृ पुरूष पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल व पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ माल्यार्पण किया। राज्यसभा प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल कराने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा की तीनों रिक्त हो रही सीटों के लिए अपने प्रत्याशी चुनाव में उतारे हैं। भाजपा के तीनों राज्यसभा प्रत्याशी विजयी होंगे। प्रभु श्रीराम ने निषादराज को गले लगाकर उनको सम्मान देने का कार्य किया था। भाजपा ने प्रभु श्रीराम की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री महेश केवट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा के तीनों प्रत्याशियों की राज्यसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित है। भाजपा पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ राज्यसभा चुनाव लड़ रही है। हमारी पार्टी के पास राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल है। भाजपा के राज्यसभा प्रंत्याशी श्री महेश केवट ने कहा कि सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाना भाजपा की कार्यकर्ता आधारित कार्य संस्कृति का प्रमाण है। पार्टी संगठन ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
भाजपा के विजय अभियान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएगा मध्यप्रदेश - डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मध्यप्रदेश की रिक्त हो रही तीनों राज्यसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया है। हर पार्टी चुनाव जीतने के उद्देश्य से चुनावी मैदान में उतरती है। भाजपा भी तीनों सीटों को जीतने के लिए चुनावी मैदान में है। भाजपा द्वारा मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीनों सीटों को जीतकर पार्टी के विजय अभियान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया जायेगा। हमारी पार्टी के प्रत्याशी श्री महेश केवट मध्यप्रदेश के सभी दलों से वोट देने की अपील करेंगे। विजय अभियान के गौरवशाली परंपरा के अनुसार ही पार्टी संगठन ने तीसरा प्रत्याशी चुनाव में उतारकर संकल्प लिया है कि हम राज्यसभा की तीनों सीटों पर विजयी होंगे। पार्टी नेतृत्व ने समर्पित कार्यकर्ता श्री महेश केवट को राज्यसभा का तीसरा उम्मीरवार बनाया है। राज्यसभा प्रत्याशी श्री महेश केवट बाल्यकाल से स्वयंसेवक रहे हैं। वह अखिल भारती विद्यार्थी परिषद, पार्टी के युवा मोर्चा सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को बहुत ईमानदारी व कुशलता के साथ निर्वहन किया है। भगवान श्री राम का आशीर्वाद फिर एक बार निषादराज की परंपरा को कायम करते हुए रामराजा की नगरी ओरछा के श्री महेश केवट को मिल रहा है। भगवान श्रीराम के रामराज्य का स्मरण कराते हुए भाजपा ने सभी वर्गों की समानता व सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री महेश केवट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी पार्टी जो कहती है, उसे करके दिखाती है। यह अत्यंत आनंद का विषय है कि श्री महेश केवट को उच्च सदन में प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रत्याशी बनाकर हमारी पार्टी ने समाज के एक ऐसे वर्ग को आगे बढ़ाने का कार्य किया है, जिस समाज का प्रतिनिधित्व अभी तक कम था। भाजपा ने उच्च सदन में प्रतिनिधित्व देकर हमारी सभी वर्गों के प्रति जो प्रतिबद्धता है, उसका शंखनाद किया है। लोकतंत्र में विजय होना हर पार्टी की इच्छा होती है। मुझे पूरा भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी के तीसरे प्रत्याशी भी राज्यसभा में विजयी होंगे। मैं अपनी ओर से प्रदेश सरकार की ओर और मध्यप्रदेश की जनता की ओर से उन्हें राज्यसभा चुनाव में विजयी होने की अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं।
कांग्रेस राज्यसभा चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति में है - श्री हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि हमारी पार्टी के पास राज्यसभा की तीनों सीटों को जीतने के लिए पर्याप्त संख्या में विधायक हैं। पार्टी पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ राज्यसभा चुनाव लड़ रही है, भाजपा की विजय सुनिश्चित है। भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी श्री महेश केवट ओरछा धाम से आते हैं। भगवान श्रीराम का आशीर्वाद उन पर तथा भारतीय जनता पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं पर है। भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से यह चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ा जा रहा है। भाजपा सत्ता के लिए नहीं देश की सेवा के लिए राजनीति करती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। कांग्रेस राज्यसभा चुनाव को लेकर भ्रम और असमंजस की स्थिति में है। कांग्रेस नेताओं के बयानों में एकरूपता नहीं है, कांग्रेस पार्टी के भीतर ही अनेक प्रकार के सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस को भारतीय जनता पार्टी को लेकर चिंता करने के बजाय कांग्रेस को अपनी राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक चुनौतियों पर ध्यान देना चाहिए। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दे रही है। प्रदेश की जनता भाजपा के साथ है और कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है। राज्यसभा चुनाव में भी संगठनात्मक शक्ति भाजपा की विजय का आधार बनेगी और पार्टी राज्यसभा चुनाव में मजबूती के साथ विजय प्राप्त करेगी। पार्टी प्रदेश के विकास तथा जनसेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है, इसका मैं जनता की ओर से आभार प्रकट करता हूं।
भाजपा कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है - श्री महेश केवट
भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी श्री महेश केवट ने नामांकन दाखिल करने के बाद पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने निषाद वंश एवं माझी समाज से आने वाले एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुनकर कार्यकर्ता आधारित राजनीति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। मैं बहुत भावविभोर हूं। भाजपा कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है। यहां सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर महत्वपूर्ण दायित्वों तक पहुंच सकता है। मैंने कभी कल्पना नहीं की थी कि पार्टी मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपेगी। एक माह पूर्व ही पार्टी ने मुझे मछुआ कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया था और अब राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में अवसर देकर मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ाया है। मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल सहित पार्टी के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी द्वारा दी गई इस जिम्मेदारी का मैं शत-प्रतिशत निर्वहन करूंगा तथा संगठन और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवडा, श्री राजेन्द्र शुक्ल, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री प्रहलाद पटेल, श्री राकेश सिंह, श्री तुलसी सिलावट, श्री उदय प्रताप सिंह, श्री विश्वास सारंग, श्री चैतन्य काश्यप, सुश्री निर्मला भूरिया, श्रीमती संपतिया उइके, श्री इंदर सिंह परमार, श्रीमती कृष्णा गौर, श्री दिलीप जायसवाल, श्री लखन पटेल, श्री नारायण सिंह पंवार, श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक श्री सीतासरन शर्मा, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष श्री संजय नगायच, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र बरूआ, श्री सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री राहुल कोठारी, राज्यसभा के प्रत्याशी श्री रजनीश अग्रवाल, विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, श्रीमती रीति पाठक, श्री हरीशंकर खटीक, श्री उमाकांत शर्मा, श्री रामेश्वर शर्मा, श्री सिद्धार्थ तिवारी, श्री नरेन्द्र प्रजपाति, पूर्व मंत्री श्री जालम सिंह पटेल, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल, जिला अध्यक्ष श्री रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


