100 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने की घेराबंदी, घंटों की कवायद, अंततः जंगल से उठा लाए डकैत
विदिशा जिले के लटेरी में हुई 5 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। जंगलों में छिपे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न सिर्फ पूरी वारदात का पर्दाफाश किया बल्कि लूटी हुई नकदी समेत करीब 8 लाख रुपये का मशरूका भी बरामद कर लिया। इस ऑपरेशन की खास बात यह रही कि करीब 100 पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जंगलों में कॉम्बिंग कर आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
:
30 मई की रात मधुसूदनगढ़-लटेरी मार्ग पर बड़ी मदागन के जंगल में बदमाशों ने लक्ष्मण सिंह बंजारा और उसके साथी को रोककर मारपीट की थी। इसके बाद बदमाश 5 लाख रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।


