भोपाल l राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए चुनाव बेहद रोचक स्थिति में पहुंच गया है। भाजपा के तीसरा उम्मीदवार महेश केवट को उतारने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अब महेश और कांग्रेस की मीनाक्षी नटराजन के बीच मुकाबला होगा। तीसरी सीट पर क्रॉस वोटिंग के खतरे से कांग्रेस में खलबली है। हालांकि दोनों ही दलों के नेता अपने अपने प्रत्याशियोें की जीत का दावा कर रहे हैं। इस बीच बाप विधायक कमलेश्वर डोडियार से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनके दोनों मोबाइल नंबर भी बंद बताए जा रहे हैं।

बीजेपी द्वारा तीसरी सीट पर अपना उम्मीदवार उतार देने के साथ ही दोनों ही दलों में प्रदेश के एक एक विधायक पर नजर रखी जा रही है। इस गहमागहमी में भारत आदिवासी पार्टी  विधायक कमलेश्वर डोडियार को दोनों दलों से तवज्जो मिल रही है। वे अचानक गायब हो गए। शाम से लेकर कुछ घंटे तक संपर्क से बाहर रहे। विधायक कमलेश्वर डोडियार दो मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते हैं। इस अवधि में उनके दोनों मोबाइल नंबर बंद हो गए।