वाराणसी l यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गंगा किनारे पूजा की और राहुल गांधी का एक पोस्टर लेकर आए जिसमें उन्हें भगवान परशुराम के रूप में दिखाया गया था। पोस्टर में नेता को एक हाथ में कुल्हाड़ी और दूसरे हाथ में भारत के संविधान की एक प्रति पकड़े हुए दिखाया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर पर दूध चढ़ाया और वैदिक मंत्रों के साथ रुद्राभिषेक किया। उन्होंने 11 किलो का लड्डू केक भी काटा और राहुल गांधी के लंबे, स्वस्थ और सफल जीवन के लिए प्रार्थना की। लेकिन राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दिखाने से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया और बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा।

बीजेपी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान परशुराम का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता 364 दिन सनातन धर्म का अपमान करते हैं और एक दिन भगवान परशुराम को याद करने का दिखावा करते हैं। लोग इसे भूलेंगे नहीं। दूसरी तरफ  कांग्रेस ने इस चित्रण का बचाव किया। पूजा का बचाव करते हुए कांग्रेस नेताओं का कहना कि जिन्होंने इस कार्यक्रम का आयोजन किया, वे खुद ब्राह्मण हैं और भगवान परशुराम के वंश से आते हैं। उन्होंने बस अपनी भावनाएं जाहिर कीं हैं। वहीं ब्राह्मण समाज की तरफ से भी इस पोस्टर को लेकर तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं l