बंगाल के लोगों के चेहरे की ये चमक... गांव गांव में खुशी और विश्वास का भाव... मैं आपके इस आनंद में भागीदार बनने के लिए आया हूं
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद पश्चिम बंगाल में नई ऊर्जा आई है और राज्य आखिरकार तृणमूल कांग्रेस के एक दशक से ज़्यादा के शासन की बेड़ियों से आज़ाद हो गया है। पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल दिवस के मौके पर ये बातें कहीं। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव और शपथ ग्रहण समारोह के बाद बंगाल का यह मेरा पहला दौरा है। अब बंगाल की हवा में एक नई ताज़गी है। ऐसा लगता है कि बंगाल आखिरकार अपनी बेड़ियों से आज़ाद हो गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी-एनडीए सरकार ने पिछली लेफ्ट फ्रंट और टीएमसी सरकारों द्वारा छोड़ी गई कमियों को पूरा करने के लिए बंगाल में विकास की गति को तेज़ किया है। उन्होंने कहा कि आज का ये कार्यक्रम... ये साक्षी है, इन परियोजनाओं का शुभारंभ ये गवाह है कि हमारा बंगाल अपने नए भविष्य के निर्माण में जुट गया है। बंगाल के लोगों के चेहरे की ये चमक... गांव गांव में खुशी और विश्वास का भाव... मैं आपके इस आनंद में भागीदार बनने के लिए आया हूं। आपका एक वोट, एक चुनाव... कितना कुछ परिवर्तन कर सकता है, ये बंगाल में साफ साफ नजर आ रहा है।
मोदी ने कहा कि मैं इस अवसर पर बंगाल के लोगों को, और सभी देशवासियों को इस आयोजन की पश्चिम बंग दिवस की बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं आप सभी की स्वच्छता से स्वागत पहले के लिए भी सराहना करना चाहता हूं। स्वच्छता हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। जहां स्वच्छता होगी, वहां विकास भी काफी सुंदर दिखेगा। उन्होंने कहा कि इस बार पश्चिम बंग दिवस की ये तारीख और भी बहुत खास है। आजादी के बाद बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए जो सपना देखा गया था, बंगाल की महान आत्माओं ने जो परिकल्पना की थी, आज एक तरह से पहली बार हम पश्चिम बंग दिवस पर उन सपनों को सच्चाई में बदलते देख रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये ऐतिहासिक तारीख पश्चिम बंगाल के विकास की प्रेरणा बने, हम एक नया और गौरवशाली इतिहास रचे... आज बीजेपी-एनडीए सरकार में इसके लिए विकास के महा-अभियान की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल में दशकों तक पहले लेफ्ट और फिर टीएमसी ने जो गड्ढे बनाए, उसे भरने के लिए डबल इंजन की सरकार ने सुपर-फास्ट स्पीड से काम करना शुरु कर दिया है। बिजली की रफ्तार से फैसले हो रहे हैं। रुकी हुई योजनाओं पर काम आगे बढ़ने लगा है। आज यहां सैकड़ों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है। रेल, रोड, कृषि, मछली पालन से जुड़ी ये परियोजनाएं बंगाल के विकास को नई गति देंगी। इन परियोजनाओं से यहां की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।


