जब दोनों पैरों से दिव्यांग महिला ने पकड़े विधायक के पैर , विधायक ने अपने सिर पर हाथ रखते हुए कहा, मोर बप्पा रे...
सीधी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के समापन के दौरान एक ऐसा भावुक दृश्य सामने आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही सीधी विधायक रीति पाठक बाहर निकलने लगीं, तभी ग्राम बम्हनी निवासी दोनों पैरों से दिव्यांग आदिवासी महिला छोटी रावत ने उनके पैर पकड़ लिए और अपनी पीड़ा सुनाने लगी।महिला ने बताया कि वह लंबे समय से ट्राई साइकिल की मांग कर रही हैं। कई बार आवेदन देने और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद आज तक उन्हें ट्राई साइकिल नहीं मिल सकी। महिला की व्यथा सुनकर विधायक रीति पाठक आश्चर्यचकित रह गईं। उन्होंने अपने सिर पर हाथ रखते हुए कहा, मोर बप्पा रे... अभी तक इनको साइकिल नहीं मिली! इसके बाद विधायक ने एसडीएम राकेश शुक्ला की ओर देखा। एसडीएम ने न तो कोई जवाब दिया, न ही महिला की ओर देखा और न ही पूरे घटनाक्रम पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त की। इसके बाद विधायक ने अपने साथ मौजूद भाजपा कार्यकर्ता को महिला का नाम और पता नोट करने के निर्देश दिए, ताकि उसकी समस्या का समाधान कराया जा सके।


