मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने किया विशाल रक्तदान शिविर का शुभारंभ
मंडला । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मां नर्मदा के पावन तट माहिष्मती घाट में स्वास्थ्य एवं जनकल्याण को समर्पित एक विशेष पहल के तहत विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने शिविर का विधिवत शुभारंभ करते हुए इसे मानव सेवा और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, सिविल सर्जन डॉ. सीएस धुर्वे, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, ब्लड बैंक का स्टाफ, डॉक्टर सहित अन्य लोग मौजूद थे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंडला जिले में स्वास्थ्य, सेवा और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरक संगम देखने को मिला, जब कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया। उन्होंने रक्तदान के माध्यम से न केवल जरूरतमंद मरीजों के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त की, बल्कि जिलेवासियों को मानव सेवा के इस महत्त्वपूर्ण कार्य में सहभागी बनने का संदेश भी दिया। रक्तदान उपरांत कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि रक्तदान केवल एक चिकित्सकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकता है। रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी भी व्यक्ति को पड़ सकती है, इसलिए प्रत्येक सक्षम नागरिक को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग जहां शरीर और मन को स्वस्थ एवं संतुलित बनाता है, वहीं रक्तदान मानवता और सेवा की भावना को सशक्त करता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रक्तदान कर उन्होंने स्वास्थ्य, करुणा और सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया। इसी तरह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माहिष्मती घाट में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना ने रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने रक्तदान को जीवनदान की संज्ञा देते हुए नागरिकों से स्वैच्छिक रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। जिला प्रशासन की ओर से श्री रंजित गुप्ता एवं श्री अनूप नामदेव, पुलिस प्रशासन की ओर से एसडीओपी श्री पीयूष मिश्रा ने भी रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया। अधिकारियों की इस पहल ने उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।


