योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है- राज्यमंत्री श्री पटेल
दमोह l योग भारत की प्राचीन ऋषि-मुनियों की परंपरा का अमूल्य उपहार है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है, वर्ष 2015 में 21 जून को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया गया, जिसमें विश्व के 179 देशों ने सहभागिता की। इस वैश्विक पहल का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने किया, जिसके बाद से योग दिवस निरंतर पूरे विश्व में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है, इस आशय के विचार प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हॉकी स्टेडियम में आयोजित गरिमापूर्ण कार्यक्रम में व्यक्त किए।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू जी ने जबलपुर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता की, जिससे प्रदेश का सम्मान बढ़ा है, उन्होंने नागरिकों से अपील की गई कि वे योग और प्रातः भ्रमण को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहता है तथा मानसिक तनाव भी कम होता है, इस दौरान वरिष्ठ विधायक जयंत मलैया जी का उदाहरण देते हुए कहा कि वे वर्षों से नियमित रूप से सुबह भ्रमण और योग करते आ रहे हैं, अत्यधिक व्यस्तता के बावजूद उनका अनुशासित जीवन और फिटनेस सभी के लिए प्रेरणादायक है, उन्होने सभी उपस्थित जनों, प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया।
विधायक जयंत मलैया ने कहा भारत में अनादि काल से योग की परंपरा रही है। अलग-अलग समय और परिस्थितियों में योग का अभ्यास मानव जीवन को स्वस्थ एवं संतुलित बनाने का माध्यम रहा है, उन्होंने कहा वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने योग को वैश्विक पहचान दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 69वें सत्र को संबोधित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को रिकॉर्ड 177 सदस्य देशों का समर्थन प्राप्त हुआ, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत के प्रति विश्व की आस्था को दर्शाता है, उन्होंने कहा संयुक्त राष्ट्र ने 11 दिसंबर 2014 को आधिकारिक रूप से प्रत्येक वर्ष 21 जून को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की। इसके बाद 21 जून 2015 को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे विश्व में उत्साह और सहभागिता के साथ मनाया गया।
विधायक श्री मलैया ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में योग के विषय में सभी को संबोधित करते हुए कहा था कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है। यह मस्तिष्क और शरीर की एकता का प्रतीक है। मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य है। विचार, संयम और प्रति प्रदान करने वाला तथा स्वास्थ्य और भलाई के लिए एक समग्र दृष्टिकोण को प्रदान करने वाला है। यह केवल व्यायाम नहीं है। यह हमारे भीतर की एकता की भावनाओं को दुनिया और प्रकृति की खोज के विषय के बारे में है। हमारी बदलती जीवनशैली में यह चेतना बनकर आती है, हमें जलवायु परिवर्तन में निपटने में यह मदद करता है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा आज के समय में योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावशाली जीवनशैली बन चुका है। भारत ने सदियों पहले योग के माध्यम से पूरे विश्व को स्वस्थ रहने की दिशा दिखाई और इसी कारण भारत को विश्व का “योग गुरु” कहा जाता है।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। योग हमारे शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने का सबसे सरल, प्रभावी और प्राकृतिक माध्यम है। नियमित योग अभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त होती है, उन्होने कहा स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र की नींव होते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन योग करने की आदत विकसित करनी चाहिए, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और आने वाली पीढ़ियां भी स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएं।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रधान मंत्री जन औषधि केंद्र के संचालक किशनलाल हुरा ने राज्यमंत्री श्री पटेल, विधायक श्री मलैया, कलेक्टर श्री यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री कलादगी सहित अन्य उपस्थित जनों को नारियल पानी पिलाया।
इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के योग गुरु श्री प्रशांत असाटी के मार्गदर्शन में सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों-कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का संचालन पंडित विपिन चौबे और आभार प्रदर्शन सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने, कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजकुमार पटेल द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानो के योग प्रतिनिधियो ने भी सहभागिता की।


