12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कृषि मंत्री श्री कंषाना ने किया योगाभ्यास योग अपनाएं, निरोग जीवन पाएं
मुरैना - 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा टाउनहॉल, मुरैना में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने दीप प्रज्वलित कर तथा योगाभ्यास के साथ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। जिलेभर में योग दिवस के प्रति व्यापक उत्साह देखने को मिला और मुरैना जिले में 1,410 स्थानों पर 47,055 लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री कंषाना ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज सम्पूर्ण विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों की रोकथाम संभव है तथा व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सुदृढ़ बनता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के परिणामस्वरूप आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विश्वभर में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। योग ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा प्रदान की है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने तथा “योग करें, निरोग रहें” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। जिले के विभिन्न स्थानों पर भी योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। बटेश्वरा सहित जनपद मुख्यालयों, पंचायत भवनों एवं अमृत सरोवरों पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, जनपद पंचायत मुरैना के अध्यक्ष श्री मोहर सिंह कंषाना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नशामुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई गई शपथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री कंषाना ने उपस्थित प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरूकता फैलाने का संदेश दिया।


