योग भारत की अमूल्य धरोहर, इसे दैनिक जीवन का बनाएं हिस्सा - राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल
अनूपपुर - 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पवित्र नगरी अमरकंटक के मैकल पार्क एवं नर्मदा तट पर जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री दिलीप जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम,अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, जन अभियान परिषद के समन्वयक श्री उमेश पांडेय, जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्थानीय पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और पूरी दुनिया भारतीय योग परंपरा को अपना रही है।
मंत्री श्री जायसवाल ने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास, संतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और योग उसके संरक्षण का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है।
योग दिवस के अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रधानमंत्री के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और बदलते मौसम चक्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण कर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही अमरकंटक की प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय विरासत को संरक्षित रखने पर भी बल दिया।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिले वासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। जिसके तहत जिले की पवित्र नगरी अमरकंटक के मैंकल पार्क में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है नर्मदा जी के पावन तट पर आयोजित योगाभ्यास स्थल पर बच्चों और युवाओं की भारी उपस्थिति पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
श्री पंचोली ने कहा कि अमरकंटक जैसे धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों में असीम क्षमता (पोटेंशियल) और ऊर्जा है। अमरकंटक के पर्यटन को नई ऊंचाइयां देने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि हम सब मिलकर यह प्रण लें कि भविष्य में अमरकंटक को मध्य प्रदेश के एक बड़े और प्रतिष्ठित योग केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे। इसके लिए आगामी समय में भी इस प्रकार के भव्य आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।
योग की विभिन्न मुद्राओं का हुआ अभ्यास
योगाभ्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं में भाग लिया। उन्होंने बैठकर, पीठ के बल लेटकर, पेट के बल लेटकर, खड़े होकर किए जाने वाले आसन किए। इस दौरान सामूहिक रुप से ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, कटिचक्रासन, दण्डासन, वज्रासन, तितली आसन, उष्ट्रासन, शशांकासन, उत्तानमंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, सेतुबंध आसन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन और शवासन किए। आसनों के बाद कपालभाति, नाड़ीशोधन, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, आदि प्राणायाम किए। आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक श्री नयन मिश्रा तथा सुश्री उर्मिला दयादत द्वारा योगाभ्यास कराया गया तथा योग विधा के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री जी के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का कोलकाता से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जिसे उपस्थित जन समुदाय ने देखा एवं सुना।


