सीहोर l इछावर में रविवार को आयोजित जनकल्याण शिविर राजनीतिक, प्रशासनिक और विकास के तीन बड़े संदेशों का केंद्र बन गया। मंच से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिस सख्त अंदाज में अफसरों को चेतावनी दी है। शिवराज ने साफ शब्दों में कहा कि गरीबों के हक पर डाका डालने वालों और सरकार की मंशा पर पलीता लगाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी मौके को भुनाते हुए खाद संकट, कॉलेज में विज्ञान संकाय और अधूरे डिवाइडर जैसे मुद्दों पर मंत्री का काफिला रोककर ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलवान पटेल और विदिशा लोकसभा प्रभारी ब्रिजेश पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने तहसील कार्यालय के सामने केंद्रीय मंत्री का काफिला रोक लिया। कांग्रेस नेताओं ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की कई गंभीर समस्याएं सामने रखीं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।कांग्रेस नेताओं ने सबसे बड़ा मुद्दा किसानों के सामने खड़े खाद संकट का उठाया। उन्होंने कहा कि किसान एक-एक बोरी खाद के लिए 10 से 12 दिन तक लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग में सर्वर डाउन होने की समस्या ने किसानों की परेशानी और बढ़ा दी है।