विदिशा l डॉक्टर बनने का सपना संजोए विदिशा की तीन छात्राओं के लिए रविवार का दिन मायूसी लेकर आया। विदिशा जिले के चार नीट केंद्रों में से एक गर्ल्स कॉलेज केंद्र पर मामूली चूक और परिस्थितियों के कारण तीन होनहार बेटियां परीक्षा हॉल तक नहीं पहुंच सकीं। दो छात्राएं सिर्फ दो मिनट की देरी से गेट पर पहुंचीं, जबकि तीसरी छात्रा पुराना एडमिट कार्ड लेकर आ गई। लाख मिन्नतों के बाद भी नियमों की दीवार नहीं टूटी और तीनों को आंसू बहाते हुए लौटना पड़ा।परीक्षा NEET के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश का समय निर्धारित था। 1:30 बजे गेट बंद कर दिया गया। विदिशा शहर की स्नेहा दुबे और कुरवाई तहसील के कूला गांव की रागनी विश्वकर्मा लगभग 1:32 बजे केंद्र के बाहर पहुंचीं। गेट पर तैनात कर्मचारियों ने नियमों का हवाला देते हुए प्रवेश देने से इनकार कर दिया। दोनों छात्राएं और उनके परिजन वहीं गिड़गिड़ाने लगे।