जबलपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल आज सोमवार को रांझी क्षेत्र के कैलाशधाम पहुंचकर स्वयंभू शिवलिंग के विधि-विधान से दर्शन, पूजन और अभिषेक किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, जनपद पंचायत अध्‍यक्ष पनागर श्री शैलेन्‍द्र पटेल, शिव यादव आदि मौजूद थे। इस दौरान मंत्री श्री पटेल ने पवित्र परशुराम कुंड का निरीक्षण किया और आगामी संस्कार कावड़ यात्रा के संबंध में आयोजित बैठक में शामिल हुए। मंत्री श्री पटेल आयुध निर्माणी खमरिया के एन टाइप परिसर भी पहुंचे, जहाँ कर्मचारी संघों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में पीपल, बरगद एवं नीम आदि पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और स्थानीयजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण तथा संवर्धन में जनभागीदारी का आह्वान किया और देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ प्रकृति व भविष्य को सुरक्षित करने के इस हरित संकल्प की सराहना की।