ड्रग्स तस्करों को कार्रवाई से बचाने के नाम पर वसूली करने वाले भाजपा नेता गिरफ्तार
इंदौर में भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष का अजीब कारनामा सामने आया है। ड्रग्स तस्करों को कार्रवाई से बचाने के नाम पर वह कथित तौर पर उनसे संरक्षण राशि वसूलकर अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे थे। बताया जा रहा है कि वह एक महिला तस्कर से ही हर महीने 50 हजार रुपये लेता था, जबकि अन्य आरोपियों से भी अलग-अलग रकम वसूली जाती थी।
मामला इंदौर के जोन-1 क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने भाजपा के शिवाजी मंडल के उपाध्यक्ष गोपाल सिंगार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल भेज दिया गया। डीसीपी जोन-1 नरेंद्र रावत के मुताबिक, आजाद नगर इलाके में गांजा और एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ी गई पंगुबाई, दुगाबाई, सरदार समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ में गोपाल सिंगार का नाम सामने आया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुलासा किया कि गोपाल सिंगार उनसे आर्थिक लाभ लेता था। पंगुबाई ने बयान में दावा किया कि वह हर महीने 50 हजार रुपये उसे देती थी, जबकि दुगाबाई और सरदार ने भी पैसे देने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने गोपाल सिंगार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि जिन महिला और अन्य आरोपियों के बयान के आधार पर यह कार्रवाई की गई है, उनके खिलाफ पहले से दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की जांच अभी जारी है।


