जबलपुर l  के किसानों को खरीफ के मौसम में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार कृषि अधिकारियों ने आज बुधवार को विकासखंड कुण्डम के अंतर्गत हरिओम कृषि केन्द्र, अमूल्य कृषि केन्द्र, दिनेश ट्रेडर्स, किसान कृषि सेवा केंद्र, गुप्ता कीटनाशक भण्डार का निरीक्षण किया तथा खरीफ फसलों धान एवं मक्का के बीजों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु संग्रहित किये।

उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे ने बताया कि अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह गौर के नेतृत्व में किये गये निरीक्षण के  दौरान पाया गया कि कुछ कृषि आदान प्रतिष्ठानों द्वारा ऐसे उर्वरक एवं बीजों का विक्रय का किया जा रहा था जिनका प्रिसिंपल सर्टिफिकेट संबंधित लाइसेंस में दर्ज नहीं था, जो कि नियमों का उल्लंघन है। इन अनियमितताओं के कारण कल्याण कृषि केंद्र, वेद कृषि केंद्र एवं राघव कृषि केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्हें निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। निरीक्षण दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कुण्डम एल पी उइके, कृषि विस्तार अधिकारी डॉ सनी ठाकुर तथा प्रांजलि वर्मा भी शामिल रहे।

उप संचालक कृषि ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की सुरक्षा एवं गुणवत्तायुक्त कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने ऐसे निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।