पिस्टल लहराते हुए युवती का वीडियो हो गया वायरल, पुलिस जुटी जांच में
रीवा में एक युवती का पिस्टल के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। इंस्टाग्राम पर साझा की गई रीलों में हथियार लहराते हुए दिखने पर एसपी डॉ. गुरुकरण सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। युवती और हथियार की वैधता की जांच जारी है।इंस्टाग्राम पर "manu_rewa" नामक आईडी से एक युवती ने पिस्टल के साथ दो अलग-अलग रील पोस्ट की हैं। इन वीडियो में युवती हथियार लहराते हुए नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन रीलों को हजारों लोग देख चुके हैं, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई दे रही पिस्टल वैध है या अवैध तथा युवती की पहचान और उसके हथियार से संबंध की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में यदि हथियार अवैध पाया जाता है या किसी प्रकार का कानून उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित युवती के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


