सिरोंज शहर के प्रतिष्ठित संजीवनी अस्पताल के संचालक और दिग्गज भाजपा नेता डॉ. संजीव माथुर पर एक युवती ने इलाज के दौरान और घर पहुंचकर छेड़छाड़ व दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर सिरोंज थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी डॉक्टर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश बताया है। घटना के बाद युवती ने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर मामला जांच में ले लिया है l पुलिस ने कहा कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जाएगी।

वहीं डॉ. संजीव माथुर ने आरोपों को पूरी तरह गलत और बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि युवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। उनकी ओर से भी थाने में शिकायत दी गई है और एफआईआर की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।संजीवनी अस्पताल क्षेत्र का जाना माना निजी अस्पताल है और डॉ. माथुर भाजपा के स्थानीय नेता भी हैं। ऐसे में आरोपों के बाद तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पीड़िता और आरोपी दोनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड और घटना के दिन घर पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।