जब पुलिस केतन का शव लेकर आई, तो सिया के चेहरे पर न तो कोई शिकन थी और ना ही कोई दुख
पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ के एक बड़े कारोबारी परिवार के 26 वर्षीय इकलौते बेटे केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले की खाई में गिरने से मौत हो गई। शुरुआत में जिसे एक सामान्य हादसा समझा जा रहा था, लेकिन वह एक सोची-समझी खौफनाक हत्या की साजिश निकली।
सूत्रों की माने तो पुलिस जांच में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। अब इस मामले में केतन अग्रवाल के परिजनों का बड़ बयान सामने आया है।
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि शुरुआत में वे भी इसे एक दुर्घटना ही मान रहे थे। लेकिन जब पुलिस केतन का शव लेकर आई, तो सिया के चेहरे पर न तो कोई शिकन थी और ना ही कोई दुख। सिया के इस ठंडे बर्ताव ने परिवार के मन में शक पैदा किया।
जवान बेटे के साथ ऐसा दिल दहला देने वाली घटना के बाद केतन का परिवार गहरे सदमे और गुस्से में है। केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि अगर वह शादी नहीं करना चाहती थी, तो सीधे मना कर देती। हम तुरंत शादी रोक देते। किसी के 26 साल के बेटे को इस तरह मार देना, यह कैसी क्रूर मानसिकता है?
केतन के दादा का कहना है कि हम लड़की के परिवार को पिछले 35 सालों से जानते हैं। सिया के चाचा और चाची को उसके और चेतन के अफेयर के बारे में सब पता था, फिर भी उन्होंने इस रिश्ते के लिए दबाव बनाया। उन्होंने हमारे साथ ऐसा क्यों किया?हमारी मांग है कि दोषियों को फांसी की सजा मिले और इस साजिश में शामिल हर शख्स को जेल भेजा जाए।


