मंडला l खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं भंडारण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने गुरुवार को बड़ी खैरी स्थित शासकीय खाद गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद एवं खाद्यान्न के भंडारण, स्टॉक की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री धोटे ने गोदाम में उपलब्ध खाद एवं खाद्यान्न के भौतिक स्टॉक का शासकीय अभिलेखों से मिलान किया तथा रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद एवं खाद्यान्न का भंडारण वैज्ञानिक पद्धति से किया जाए, जिससे नमी, रिसाव अथवा अन्य कारणों से सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित न हो। उन्होंने गोदाम की साफ-सफाई, व्यवस्थित स्टैकिंग तथा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने गोदाम में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों सहित अन्य सुरक्षा मानकों की भी जाँच की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं हमेशा कार्यशील एवं अद्यतन स्थिति में रहें, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को खाद का वितरण पूरी पारदर्शिता, सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भंडारण, रिकॉर्ड संधारण अथवा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए गोदाम परिसर में पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से खाद गोदामों का निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि श्री अश्वनी झरिया सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।