नेट हाउस में इंग्लिश खीरा उत्पादन से किसान राजेन्द्र लोधी को मिली बेहतर आय
सागर l उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं से किसानों को आधुनिक खेती अपनाने का अवसर मिल रहा है। सागर जिले के देवरी विकासखंड के ग्राम गौरझामर निवासी किसान राजेन्द्र लोधी ने नेट हाउस परियोजना के माध्यम से इंग्लिश खीरा उत्पादन कर बेहतर आय प्राप्त की है।
किसान राजेन्द्र लोधी सागर जिले के इस सरकारी परियोजना से लाभान्वित होने वाले 32वें किसान हैं। उन्होंने पहली बार नेट हाउस में इंग्लिश खीरा की खेती की, जिससे कम स्थान में अधिक उत्पादन प्राप्त हुआ। प्रथम फसल में उन्होंने लगभग 1350 किलोग्राम इंग्लिश खीरा का उत्पादन किया। उत्पादन पर कुल 5 हजार रुपये की लागत आई तथा खीरा का औसत विक्रय मूल्य 19 रुपये प्रति किलोग्राम प्राप्त हुआ। इससे उन्हें 25 हजार 650 रुपये की कुल आय और 20 हजार 650 रुपये की शुद्ध बचत हुई।
किसान राजेन्द्र लोधी ने बताया कि नेट हाउस में फसल का प्रदर्शन अत्यंत संतोषजनक रहा। कम क्षेत्र में बेहतर उत्पादन देखकर वे काफी उत्साहित हैं और भविष्य में भी संरक्षित खेती को अपनाकर आय बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।


