जबलपुर l इंडिगो फ्लाइट में जबलपुर पहुंचने से पहले सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ वकील से सहयात्री द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया। राज्य सभा  सांसद विवेक तन्खा ने पुलिस पर आरोपी को छोड़ने और पीड़ित व तीन वर्षीय बच्चे को घंटों थाने में बैठाने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई कई पोस्ट में तन्खा ने दावा किया कि यह घटना उस समय हुई, जब यात्री विमान से उतर रहे थे। उनके अनुसार, वरिष्ठ वकील अपनी गोद में तीन साल के बच्चे को लेकर विमान से उतर रहे थे। इसी दौरान एक अन्य यात्री ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। वकील की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।कांग्रेस सांसद ने आगे आरोप लगाया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने वरिष्ठ वकील और तीन साल के बच्चे को करीब चार घंटे तक खमरिया पुलिस थाने में बैठाए रखा। तन्खा ने इंडिगो और मध्य प्रदेश पुलिस को टैग करते हुए वकील के साथ हुए कथित व्यवहार को शर्मनाक बताया।