MP - बैंक ऑफ इंडिया में दिनदहाड़े बम फोड़कर चोरी और लूट की कोशिश
छिंदवाड़ा में आज दोपहर बैंक ऑफ इंडिया की परासिया रोड स्थित शाखा में रस्सी बम का इस्तेमाल कर लूट की एक बड़ी कोशिश को स्थानीय लोगों और पुलिस ने नाकाम कर दिया l घटना के वक्त बैंक बंद था, तभी आरोपी लूट के इरादे से वहां पहुंचे। उन्होंने बैंक के आसपास दहशत और हंगामा फैलाने के लिए रस्सी बम का इस्तेमाल किया।
बैंक के बाहर संदिग्ध गतिविधियां देखकर स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस को सूचित किया और एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। एसआई नारायण बघेल के हाथ में चोट आई है। पकड़े गए आरोपी को उग्र भीड़ ने पुलिस के हवाले कर दिया है। कोतवाली थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके। इसके साथ ही, वारदात के बाद मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।


