केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीना–रुठियाई मेमू ट्रेन सेवा को दिखाई हरी झंडी
बीना l भारतीय रेल के विस्तार एवं यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को 27 जून 2026 को गाड़ी संख्या61625/26 बीना–गुना–रूठियाई– मेमू एक्सप्रेसका शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्रीश्री ज्योतिरादित्य सिंधियानेगुना रेलवे स्टेशनसे हरी झंडी दिखाकर मेमू एक्सप्रेस को रवाना किया।रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार शुरू की गई इस नई मेमू सेवा से गुना, रूठियाई, बीना एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। नई ट्रेन के संचालन से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं व्यापारियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी तथा क्षेत्रीय संपर्क और परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि लगभग डेढ़ सौ वर्ष पहले जिस स्तर का रेलवे नेटवर्क ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में विकसित हुआ था, वैसा देश के बहुत कम क्षेत्रों में देखने को मिलता था। उन्होंने कहा कि इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र में लगातार रेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि गुना-बीना रेलखंड का दोहरीकरण और विद्युतीकरण कराया गया। पहले इस मार्ग पर केवल तीन ट्रेनें संचालित होती थीं, लेकिन बाद में ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी, ग्वालियर-इंदौर इंटरसिटी, इंदौर-कोटा सहित कई नई ट्रेनों का संचालन शुरू कराया गया। साथ ही गुना से बेंगलुरु के लिए भी ट्रेन सेवा प्रारंभ की गई।उन्होंने बताया कि म्याना में पहले रेलवे स्टेशन नहीं था। रेल मंत्रालय से समन्वय कर लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से नया रेलवे स्टेशन बनवाया गया और वहां ट्रेनों का ठहराव भी शुरू कराया गया।उन्होंने कहा कि बड़े पुल का भी दोहरीकरण कराया गया है। इसके अलावा लगभग 50करोड़ रुपये की लागत से मावन तथा पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास दो रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) स्वीकृत कराए गए हैं। इन परियोजनाओं से केवल गुना और बीना ही नहीं, बल्कि इंदौर की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि गुना के व्यापारियों को माल गोदाम में जगह की कमी की समस्या का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए भविष्य में माल गोदाम को ऐसे स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा, जहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध हो और व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर सुविधा मिल सके।उन्होंने विश्वास दिलाया कि गुना-ग्वालियर रेलखंड के दोहरीकरण की दिशा में भी जल्द कार्य आगे बढ़ाया जाएगा और क्षेत्र के रेल विकास के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
रेल मंत्री और प्रदेश सरकार का जताया आभार
सिंधिया ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मध्यप्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण हो रहा है और देशभर में यात्रियों की सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई रेल सेवा क्षेत्र के विकास और जनसुविधा का सशक्त माध्यम सिद्ध होगी।
यात्रियों की सुविधा के अनुरूप समय परिवर्तन का रखा जाएगा प्रस्ताव
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि स्थानीय नागरिकों एवं नियमित यात्रियों द्वारा ट्रेन के समय में परिवर्तन का सुझाव भी प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय के समक्ष ट्रेन के संचालन समय में आवश्यक परिवर्तन का प्रस्ताव रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस नई रेल सेवा का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति सविता अरविन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविन्द्र धाकड़, पूर्व मंत्री श्रीमहेन्द्र सिंह सिसौदिया, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमति हितिका वासल एवं अन्य अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।


