पन्ना जिले  यहाँ के पाठा गाँव में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला हल्की बाई ने मौत के जबड़े से निकलकर अपनी जान बचाई है। ​शनिवार को हल्की बाई जब जंगल की तरफ गई थीं, तभी एक खूंखार जंगली भालू ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। भालू ने उनके सिर, सीने और हाथ-पैरों को बुरी तरह नोच डाला। दर्द के मारे महिला वहीं बेहोश हो गई, जिसके बाद भालू उन्हें मरा हुआ समझकर भाग गया। ​लेकिन असली मिसाल तब कायम हुई जब महिला को होश आया। असहनीय दर्द और शरीर से बहते खून के बावजूद, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। वह करीब 2 किलोमीटर तक लहूलुहान हालत में घिसटती और पैदल चलती हुई जंगल से बाहर मुख्य रास्ते तक पहुँचीं। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुँचाया गया।