भोपाल l अभिनेत्री और मॉडल रही त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में जेल में बंद सास सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह के बागमुगालिया स्थित घर में देर रात चोरी का प्रयास हुआ। पुलिस गश्ती दल के पहुंचने पर बदमाश सामान छोड़कर फरार हो गए। घटना के समय घर में उनका बेटा अकेला था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।पुलिस के अनुसार चोरों ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में सेंधमारी की। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस की चार्ली वाहन टीम को घर के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस टीम ने जब बदमाशों को रोकने और पकड़ने का प्रयास किया, तो वे अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। हड़बड़ाहट में चोर चोरी किया हुआ सामान भी वहीं छोड़ गए। इसमें जेवरात और महत्वपूर्ण फाइलें बरामद हुईं। पुलिस ने घर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में उसकी सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह जेल में बंद हैं।