मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गोटेगांव में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ
नरसिंहपुर l प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने रविवार को सिविल अस्पताल गोटेगांव में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जन्म से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस दौरान जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और अस्पताल का स्टाफ मौजूद था।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यद्यपि देश ने पोलियो उन्मूलन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, तथापि पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले सामने आने के कारण निरंतर सतर्कता एवं सक्रिय जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर एवं दिव्यांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए यह आवश्यक है कि जन्म से 5 वर्ष तक की आयु का प्रत्येक बच्चा पल्स पोलियो अभियान के दौरान पोलियो की दो बूंद अवश्य ग्रहण करे। मंत्री श्री पटेल ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं तथा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कोई भी 5 वर्ष तक की आयु का बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।


