मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया ग्राम नोनी करेली कलां में पौधरोपण
नरसिंहपुर l पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ग्राम नोनी करेली कलां में नर्मदा जी के सिद्ध घाट पर पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों व स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता से करीब 600 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान 66 चंदन के पौधों का विशेष रूप से रोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसंकल्प का प्रतीक है। मंत्री श्री पटेल ने लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में स्थानीय स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित मधुमक्खी पालन का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर विधायक श्री महेन्द्र नागेश, पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, अन्य जनप्रतिनिधि, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
नर्मदा समृद्धि परियोजना के अंतर्गत ग्राम नोनी करेली कलां में 22 एकड़ भूमि को सुरक्षित कर उसे विकसित हरित क्षेत्र में परिवर्तित करने का महत्वाकांक्षी कार्य प्रगति पर है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह नागेश ने बताया कि नर्मदा समृद्धि परियोजना के अंतर्गत नर्मदा तट पर पॉलीथिन प्रतिबंधित, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष स्वीकृत 38 कार्यों के अंतर्गत आगामी 18 दिवस में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा तथा स्थल की सुरक्षा के लिए तार फेंसिंग आदि कार्य भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किए जाएंगे। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र विस्तार के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।


