आलीराजपुर । मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जिले के 191 तीर्थयात्रियों का दल आलीराजपुर से मेघनगर पहुंच कर, विशेष ट्रेन के माध्यम से हरिद्वार एवं ऋषिकेश के लिए रवाना होगा । जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया तथा सभी यात्रियों को शुभ एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

दल के रवाना होने से पूर्व तीर्थयात्रियों का स्वागत किया गया और यात्रा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। यात्रियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से उन्हें निःशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर मिला है, जिससे वे अत्यंत प्रसन्न हैं। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं तीर्थयात्रियों के परिजन भी उपस्थित रहे।