मुंबई। 'लापता लेडीज' फिल्म में 'छोटू' की भूमिका निभाने वाले मशहूर एक्टर सतेन्द्र सोनी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनें हुए हैं। दरअसल, सतेन्द्र सोनी ने मध्यप्रदेश में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान बकाया पेमेंट को लेकर हुए विवाद के बाद एक फिल्ममेकर पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। सतेंद्र सोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक परेशान करने वाला वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि आठ दिन की शूटिंग पूरी करने के बाद उन्हें पेमेंट नहीं दिया गया। उन्होंने रोते हुए कहा,  'मेरा नाम सतेंद्र सोनी है। मैं एक एक्टर हूं। मैं यहां एक फिल्म की शूटिंग के लिए आया था, जिसके डायरेक्टर पुष्पेंद्र सिंह हैं। उन्होंने मुझे 50,000 रुपये साइनिंग अमाउंट दिया था और कहा था कि शूटिंग के बाद बाकी पैसे दे देंगे। आज शूटिंग के आठ दिन पूरे हो गए हैं और जब मैंने उनसे पैसों के बारे में बात की, तो उन्होंने मुझे पैक-अप करने को कहा और बोले, 'तुम होटल में दिखने नहीं चाहिए और वे मुझे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं'।इस घटना के बाद की पोस्ट में, सतेंद्र सोनी ने अपने फॉलोअर्स को बताया कि वह और उनके दो साथी कलाकर सुरक्षित मुंबई लौट आए हैं। रेलवे स्टेशन से बनाए गए वीडियो में उन्होंने मध्य प्रदेश पुलिस और उन सभी लोगों को आभार व्यक्त किया l सोनी  'डॉक्टर जी', 'बवाल', 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स' और 'हेलो बच्चों' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। लेकिन इनको पहचान किरण राव 'लापता लेडीज' से मिली है। इसमें उन्होंने छोटू का किरदार निभाया था। वहीं, इस समय वह  'मिर्जापुर: द मूवी' में नजर आएंगे।